पौड़ी में गुलदार का हमला, महिला की मौत
पौड़ी गढ़वाल : पौड़ी गढ़वाल जनपद के ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत बमठी गांव में सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां घास लेने जंगल की ओर गई एक महिला को गुलदार ने हमला कर अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बमठी गांव निवासी सीता देवी रोज की तरह सुबह घर से पास के जंगल में पशुओं के लिए घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार उन्हें घसीटकर जंगल के अंदर ले गया। जब काफी देर तक सीता देवी घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले न जाने की सलाह दी गई है।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी गुलदार की गतिविधियां देखी गई थीं, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई न होने के कारण यह हादसा हो गया। अब ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
