देहरादून स्कूल सेक्स रैकेट मामले पर महिला आयोग सख्त
शिक्षा के मंदिर में अनैतिक गतिविधियां अक्षम्य, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई : कुसुम कंडवाल
देहरादून के एक प्रतिष्ठित स्कूल परिसर में कथित देह व्यापार (सेक्स रैकेट) संचालन का मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने इसे समाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात कही है।
महिला आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि “शिक्षा के मंदिर” माने जाने वाले संस्थानों में इस प्रकार की अनैतिक गतिविधियां बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अक्षम्य हैं। आयोग ने जिलाधिकारी देहरादून को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि इस रैकेट से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।आयोग ने जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं। स्कूलों के पास संचालित मदिरा की दुकानों, नशे से जुड़े संदिग्ध केंद्रों और युवाओं को प्रभावित करने वाले अन्य ठिकानों की सघन जांच करने को कहा गया है।
अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि माता-पिता को यह जानना जरूरी है कि उनके बच्चे किन लोगों के संपर्क में हैं और अपना समय कहां व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन की सख्ती और अभिभावकों की सतर्कता से ही युवा पीढ़ी को अपराध और अनैतिक गतिविधियों से बचाया जा सकता है।महिला आयोग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा संस्थानों की गरिमा बनाए रखने और युवाओं को सुरक्षित वातावरण देने के लिए भविष्य में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
