जिलाधिकारी ने किया तहसील टिहरी का निरीक्षण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के दिए निर्देश

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को तहसील टिहरी का निरीक्षण कर विभिन्न अनुभागों, अभिलेखागार एवं एसडीएम न्यायालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नजारत कक्ष में डाक पंजिका, नोटिसों से संबंधित जानकारी तथा नजारत अधिष्ठान की पंजिकाओं एवं पत्रावलियों का निरीक्षण किया। इसके बाद संग्रह अधिष्ठान कक्ष में सर्विस बुक सहित अन्य अभिलेखों की स्थिति देखी गई।एसडीएम न्यायालय में पेशकार रमेश जरधारी ने दर्ज एवं निस्तारित वादों तथा कोर्ट डायरी से संबंधित जानकारी जिलाधिकारी को दी।

जिलाधिकारी ने न्यायालय में दर्ज और निस्तारित होने वाले सभी मामलों की पत्रावलियों का नियमानुसार रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रार कानूनगो के मॉडर्न रिकॉर्ड रूम और भू-अभिलेखागार कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के बस्तों एवं संबंधित रिकॉर्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने तहसीलदार एवं पेशकार को निर्देशित किया कि एसडीएम न्यायालय में दर्ज अथवा निस्तारित होने वाले प्रत्येक प्रकरण की पत्रावली पर संबंधित अधिकारी के हस्ताक्षर एवं कार्यालय की मोहर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। न्यायालयीन कार्यवाही के बाद संबंधित पत्रावलियों को नियमानुसार 24 घंटे के भीतर फाइल एवं रिकॉर्ड किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभिलेखों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी पंजिकाओं एवं पत्रावलियों को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, तहसीलदार धीरज राणा, पर्सनल ऑफिसर चंदन शाह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Ad