नेपाल में भीषण फ्लैश फ्लड से तबाही, 105 भारतीयों समेत 384 लोग लापता
काठमांडू। नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास आई तेज जलधारा में गांव, सड़कें, पुल और हाइड्रोपावर परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
सबसे बड़ी चिंता लापता यात्रियों को लेकर है। नेपाल पर्यटन बोर्ड की प्रारंभिक सूची के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में 384 यात्री लापता बताए गए हैं, जिनमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। विदेशी नागरिकों में अब तक 105 भारतीय नागरिकों की पहचान हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह आंकड़ा प्रारंभिक है और यात्रियों की जानकारी का सत्यापन जारी है।
बाढ़ से रसुवा के अलावा नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा में भी अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। खराब मौसम और तेज बहाव के कारण राहत कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।बाढ़ से बिजली व्यवस्था को भी बड़ा नुकसान हुआ है। रिपोर्टों के मुताबिक करीब 430 मेगावाट बिजली क्षमता प्रभावित हुई है। भोटेकोशी नदी के अचानक उफान के कारण बाढ़ की वजह को लेकर जांच जारी है।
विशेषज्ञों और अधिकारियों ने हिमस्खलन, ग्लेशियल झील या नदी के अचानक अवरुद्ध होने जैसी संभावनाओं की जांच शुरू की है।नेपाल में राहत और बचाव अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश के साथ भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर भी नजर रखी जा रही है।
