खबर शेयर करें -

देहरादून : उत्तराखंड की धामी सरकार को अपने दूसरे कार्यकाल के चार वर्ष पूरे कर रही है। इस अवसर पर राजधानी देहरादून के परेड मैदान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम के तहत सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां जोरों पर हैं। परेड मैदान में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है, जिसके मद्देनज़र प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। कार्यक्रम में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी अपने संबोधन में बीते चार वर्षों में सरकार द्वारा किए गए कार्यों का ब्यौरा देंगे। इसमें बुनियादी ढांचे के विकास, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, पर्यटन को बढ़ावा, निवेश को आकर्षित करने और धार्मिक स्थलों के विकास जैसे प्रमुख बिंदु शामिल रहेंगे।सरकार का दावा है कि इन चार वर्षों में उत्तराखंड ने विकास और विरासत के संतुलन का एक नया मॉडल प्रस्तुत किया है। वहीं विपक्ष इस रिपोर्ट कार्ड को लेकर पहले ही सवाल खड़े कर चुका है और कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री, जनप्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। यह आयोजन न केवल सरकार की उपलब्धियों को सामने रखने का मंच होगा, बल्कि आगामी रणनीतियों और योजनाओं की रूपरेखा भी तय करेगा। चार साल पूरे होने के इस मौके को सरकार एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देख रही है, जहां वह अपने कामकाज का लेखा-जोखा जनता के सामने रखकर विश्वास को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।

Ad