अल्मोड़ा में बाघ का हमला, 60 वर्षीय ग्रामीण की मौत
अल्मोड़ा /उत्तराखंड : जनपद के सल्ट क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे तड़म गांव में एक बाघ ने 60 वर्षीय ग्रामीण की जान ले ली। मृतक की पहचान खीम सिंह रावत के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खीम सिंह रावत रोज़ की तरह जंगल में लकड़ियां लेने गए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर हमला कर दिया। काफी देर तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान जंगल में उनका क्षत-विक्षत शव मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीमों को तैनात किया गया है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आदमखोर बाघ को पकड़ने या सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
