खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : सरस्वती शिशु मंदिर, आवास विकास में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपलक्ष्य में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने हेतु भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा का सुंदर संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार की मंजू बालियान उपस्थित रहीं। उनके साथ विद्यालय के व्यवस्थापक कृष्ण कुमार सिंघल, अध्यक्ष जनार्दन राय, पार्षद सुरेन्द्र नेगी, प्रांत सेवा प्रमुख पुरुषोत्तम विजलवान, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत, विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम, राजश्री चिल्ड्रेन एकेडमी गुमानीवाला के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य मंचन शामिल रहे। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को भावविभोर कर दिया तथा पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।

विद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Ad