सामाजिक सरोकारों को समर्पित समाज सेवियों का गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश में उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों के सम्मान में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तित्वों के योगदान को सम्मानित करना तथा विद्यार्थियों को सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत, वाइस प्रिंसिपल नागेन्द्र पोखरियाल, समाजसेवी पुष्पा तिवारी (पिथौरागढ़), मंजू जोशी (अध्यापिका, राजकीय विद्यालय पिथौरागढ़), अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर संगठन मंत्री मनु प्रताप एवं हरिद्वार विभाग के विभाग संगठन मंत्री मनीष राय द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री मनीष राय ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज सेवा केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और दायित्व का भाव है। निःस्वार्थ भाव से समाज के लिए कार्य करने वाले लोग ही सामाजिक चेतना को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा ऐसे समाजसेवियों का सम्मान किया जाना समाज में सकारात्मक संदेश देता है और युवाओं को सेवा पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। समाजसेवियों द्वारा किए जा रहे कार्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, करुणा एवं सेवा भाव का विकास होता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए समाजसेवी पुष्पा तिवारी एवं मंजू जोशी को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही मनीष राय एवं मनु प्रताप का भी पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। वक्ताओं ने समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक पंकज मिश्रा ने किया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा प्रभारी सतीश चौहान, मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना, रजनी गर्ग, लक्ष्मी चौहान, यशोदा भारद्वाज, मनोरमा शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Ad