सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में सिंचाई विभाग द्वारा निर्माणाधीन जमरानी बहुद्देशीय बांध एवं सौंग पेयजल बांध परियोजना की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में दोनों महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति, समय-सीमा, गुणवत्ता नियंत्रण और पुनर्वास कार्यों पर गहन चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दोनों परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजनाओं से संबंधित सभी निविदा प्रक्रियाएं और आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्पूर्ण परियोजना का चरणबद्ध फ्लो-चार्ट तैयार किया जाए, ताकि प्रत्येक चरण को तय समय में पूरा कराया जा सके। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। इसके लिए फर्स्ट पार्टी, सेकंड पार्टी और थर्ड पार्टी क्वालिटी कंट्रोल व मूल्यांकन नियमित रूप से कराया जाए। साथ ही, परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के पुनर्वास कार्यों को समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि मुआवजा, पुनर्वास और आवंटन की प्रक्रिया आपसी तालमेल और विश्वास के साथ पूरी होनी चाहिए, जिसके लिए प्रभावित परिवारों से निरंतर संवाद बनाए रखा जाए।

बैठक में सचिव सिंचाई युगल किशोर पंत ने जानकारी दी कि जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना की कुल लागत ₹3678.23 करोड़ है, जिसे जून 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं सौंग बांध परियोजना 130.60 मीटर ऊंची, 150 एमएलडी क्षमता की गुरुत्व आधारित पेयजल परियोजना है, जिसकी लागत ₹2524.42 करोड़ है और इसका निर्माण कार्य नवंबर 2029 तक पूर्ण किया जाएगा।इस अवसर पर विभागाध्यक्ष सिंचाई सुभाष चंद्र सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad