खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनांक 31 जनवरी 2026 की रात्रि को शिवाजी नगर, गली नंबर–11 में किराये पर रह रही एक महिला प्रीति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात के समय अभियुक्त द्वारा महिला पर गोली चलाई गई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।

पुलिस द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी सुरेश गुप्ता को छुटमलपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, लेकिन तकनीकी सर्विलांस और लगातार दबिश के चलते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

नाम – सुरेश गुप्ता

पिता – स्वर्गीय लालामल गुप्ता

स्थायी पता – ग्राम दरगाहपुर, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार

हाल निवास – आवास विकास कॉलोनी, थाना ऋषिकेश, जनपद देहरादून

उम्र – लगभग 40 वर्ष

पुलिस प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद/प्रेम प्रसंग (जांचाधीन) की आशंका जता रही है। हालांकि, पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी सहित अन्य साक्ष्यों को जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है। वहीं, इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की मांग की है। ऋषिकेश पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ad