खबर शेयर करें -

ग्रेटर नोएडा : गौतमबुद्ध नगर के गामा-वन क्षेत्र से जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक 20 वर्षीय युवती को जबरन घरेलू काम कराने के आरोप में रेस्क्यू किया है। युवती मूल रूप से झारखंड की रहने वाली बताई जा रही है और पिछले करीब ढाई वर्षों से एक दंपती के घर पर काम कर रही थी।जानकारी के अनुसार, मामले की सूचना मिलने के बाद श्रम विभाग, पुलिस और चाइल्ड/वूमेन हेल्पलाइन की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती से लंबे समय तक घरेलू काम कराया जा रहा था और उसे उचित वेतन व स्वतंत्रता नहीं दी जा रही थी।

अधिकारियों ने बताया कि युवती को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग कराई जा रही है। साथ ही, उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।इस मामले में संबंधित दंपती के खिलाफ बंधुआ मजदूरी, मानव तस्करी और श्रम कानूनों के उल्लंघन सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने कहा है कि इस तरह के मामलों को लेकर सख्ती बरती जा रही है और किसी भी व्यक्ति को जबरन काम कराने या शोषण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उन्हें इस प्रकार की कोई जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Ad