दीप्ति रावत भारद्वाज ने सरकार के कार्यों की सराहना की
देहरादून : उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर विभिन्न वर्गों से सरकार के कार्यों को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में सामाजिक कार्यकर्ता दीप्ति रावत भारद्वाज ने राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की सराहना की है। दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में सशक्त रूप से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं और पहल शुरू की हैं। उन्होंने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान करने से महिलाओं की स्थिति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते आज महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में भी उनकी भागीदारी बढ़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को विशेष रूप से लाभ मिला है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
दीप्ति रावत भारद्वाज ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की पहल ‘महिला सशक्तिकरण’ को नई दिशा देने में सफल रही है और आने वाले समय में इसके और बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इसी तरह महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य करती रहेगी और उत्तराखंड को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक उदाहरण के रूप में स्थापित करेगी।
