रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त
रांची : रांची से दिल्ली आ रही एक एयर एम्बुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि विमान ने रांची से शाम 17:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान के क्रैश होने की सूचना मिली।
इस एयर एम्बुलेंस में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें दो पायलट और मेडिकल टीम के सदस्य शामिल थे। विमान को पायलट विवेक विकास भगत और सर्वराजदीप सिंह उड़ा रहे थे। विमान में मरीज संजय कुमार को इलाज के लिए दिल्ली लाया जा रहा था। उनके साथ अर्चना देवी और धुरु कुमार भी मौजूद थे। मेडिकल सहायता के लिए डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता बतौर चिकित्सक विमान में सवार थे, जबकि सचिन कुमार मिश्रा पैरामेडिक के रूप में साथ थे।
दुर्घटना में सभी सातों लोगों की मौत की खबर है। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान का ATC से संपर्क टूटने के बाद उसकी लोकेशन का पता लगाया गया, जहां मलबा बरामद हुआ।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा मामले की जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है। तकनीकी खराबी, मौसम या अन्य कारणों की जांच की जा रही है।इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
