खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए भारत सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह सहयोग राज्य सरकार के लिए संबल सिद्ध होगा और कुंभ मेला 2027 के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह धनराशि कुंभ को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में सहायक होगी। इसके माध्यम से आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि पूर्व में उन्होंने प्रधानमंत्री से कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन हेतु विशेष वित्तीय सहयोग का अनुरोध किया था, जिस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए केंद्र सरकार ने यह राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने इसे उत्तराखंड के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार निरंतर उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार सहित विभिन्न विकास योजनाओं में केंद्र का सहयोग राज्य के विकास को नई गति दे रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा। देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए दिव्य एवं भव्य कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Ad