ऋषिकेश से दिल्ली के लिए शुरू हुई वातानुकूलित एक्सप्रेस सेवा, यात्रियों को मिलेगा आरामदायक और सस्ता सफर

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने ऋषिकेश से दिल्ली के लिए वातानुकूलित एक्सप्रेस सेवा शुरू कर दी है। इस नई सेवा के तहत वातानुकूलित जनरथ टू-बाई-टू पुशबैक बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अब दिल्ली तक का सफर अधिक आरामदायक और सुविधाजनक मिलेगा।

रोडवेज प्रशासन के अनुसार इस रूट पर फिलहाल दो वातानुकूलित जनरथ बसें चलाई जा रही हैं। यह एक्सप्रेस सेवा लगभग पांच घंटे में ऋषिकेश से दिल्ली की दूरी तय करेगी। इन बसों की खास बात यह है कि इनमें टू-बाई-टू पुशबैक सीटें, वातानुकूलन के साथ ही सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए हीटर की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।जानकारी के मुताबिक रोडवेज को करीब एक माह पहले दो अनुबंधित जनरथ टू-बाई-टू पुशबैक बसें प्राप्त हुई थीं। यात्रियों की मांग और सुविधा को देखते हुए रोडवेज मुख्यालय ने इन बसों को ऋषिकेश-दिल्ली रूट पर संचालित करने का निर्णय लिया है।

समय-सारिणी की बात करें तो पहली बस ऋषिकेश से सुबह 10 बजे रवाना होगी और दोपहर 3 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह बस दिल्ली से रात 10 बजे ऋषिकेश के लिए चलेगी और तड़के 3 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी। वहीं दूसरी बस ऋषिकेश से दोपहर 2 बजे रवाना होगी, जो शाम 7 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह बस दिल्ली से रात 12 बजे ऋषिकेश के लिए प्रस्थान करेगी और सुबह 5 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी।

इन वातानुकूलित जनरथ बसों की ऑनलाइन बुकिंग उत्तराखंड परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी, जिससे यात्रियों को टिकट बुक कराने में आसानी होगी। एक तरफ का किराया 694 रुपये निर्धारित किया गया है, जो सुविधाओं के लिहाज से किफायती माना जा रहा है।

रोडवेज मुख्यालय का कहना है कि डिपो को मिली दो अनुबंधित वातानुकूलित जनरथ बसों को दिल्ली रूट पर एक्सप्रेस सेवा के रूप में चलाया जा रहा है। कम समय में दिल्ली पहुंचाने वाली यह सेवा न केवल यात्रियों का समय बचाएगी, बल्कि उन्हें सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव भी प्रदान करेगी।

Ad