डोडा में दर्दनाक सड़क हादसा, सेना के 10 जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय सेना के दस जवानों की जान चली गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। यह हादसा भद्रवाह–चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास उस समय हुआ, जब सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन नियमित ड्यूटी के तहत नजदीकी पोस्ट की ओर जा रहा था।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, वाहन में कुल 17 जवान सवार थे। रास्ते में अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद वाहन करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद खाई से दस जवानों के शव बरामद किए गए। वहीं सात जवानों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल जवानों को विशेष उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज नजदीकी सैन्य चिकित्सा केंद्रों में किया जा रहा है।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। साथ ही जवानों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर खराब मौसम और पहाड़ी मार्ग को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
