देहरादून एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, गणतंत्र दिवस से पहले कड़ी सुरक्षा

खबर शेयर करें -

देहरादून: गणतंत्र दिवस से पहले देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी कड़ी में देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। खुफिया एजेंसियों को संभावित आतंकी गतिविधियों से जुड़े इनपुट मिलने के बाद एयरपोर्ट के भीतर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।

एयरपोर्ट परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस, सीआईएसएफ और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ हाई अलर्ट पर ड्यूटी कर रहे हैं। एयरपोर्ट के टोल बैरियर से पहले ही पुलिस और सीआईएसएफ के जवान हर वाहन की सघन तलाशी ले रहे हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

फ्लाइट संचालन के दौरान और उसके बाद भी एयरपोर्ट के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। एयरपोर्ट परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। स्थानीय पुलिस ने एयरपोर्ट और उसके आसपास रात्रि गश्त को और अधिक बढ़ा दिया है।गणतंत्र दिवस को देखते हुए एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों और जंगलों में कांबिंग ऑपरेशन चलाने की भी तैयारी की जा रही है। इसके अलावा क्षेत्र में मौजूद होटल, होम स्टे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी पुलिस और खुफिया विभाग की नजर बनी हुई है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस संबंध में चौकी इंचार्ज नवीन डंगवाल ने बताया कि एयरपोर्ट पर जारी हाई अलर्ट को ध्यान में रखते हुए पुलिस और सीआईएसएफ संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है और एयरपोर्ट पर आने वाले सभी वाहनों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

Ad