उत्तराखंड में आयुष सेतु पोर्टल का शुभारंभ, डिजिटल युग में आयुष विभाग ने रखा कदम
देहरादून। उत्तराखंड में आयुष विभाग को डिजिटल रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए शनिवार को आयुष सेतु पोर्टल का शुभारंभ किया गया। निदेशालय आयुर्वेद एवं यूनानी सेवाएं, देहरादून परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने पोर्टल का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की सचिव रंजना राजगुरु विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इसके अलावा निदेशक आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, निदेशक होम्योपैथिक सेवाएं, राज्य औषधि अनुज्ञापन अधिकारी डॉ. मिथिलेश, भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. जेएन नौटियाल सहित शासन-प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विभाग के अनुसार आयुष सेतु पोर्टल के माध्यम से उत्तराखंड में योग नीति-2025, आयुष नीति-2023 एवं वेलनेस से संबंधित विभिन्न योजनाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके जरिए प्रोत्साहन, प्रतिपूर्ति, अनुदान वितरण और पंजीकरण जैसी सुविधाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
ये सुविधाएं मिलेंगीपोर्टल पर पंजीकरण एवं प्रमाणीकरण की सुविधा के साथ योग नीति के अंतर्गत प्रोत्साहन, प्रतिपूर्ति और अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। इसके अलावा वेलनेस सेंटरों के लिए स्टार रेटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
विभाग ने इच्छुक लोगों से पोर्टल से जुड़ने की अपील की है। इच्छुक व्यक्ति www.ayushwellness.uk.gov.in पर लॉगिन कर आयुष सेतु पोर्टल की सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
