प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के वंचित परिवारों की शिकायतों की सुनवाई 25 और 27 अगस्त को
टिहरी गढ़वाल। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पात्रता सूची में नाम शामिल न होने, नाम हटाए जाने, प्राथमिकता क्रम और विकासखंड स्तर पर हुई कार्रवाई से असंतुष्ट लाभार्थियों की शिकायतों एवं आपत्तियों की सुनवाई अब जिलास्तरीय अपीलीय समिति करेगी। टिहरी गढ़वाल में शिकायतों और अपीलों की सुनवाई 25 और 27 अगस्त 2026 को विकास भवन में आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने योजना से संबंधित शिकायतों एवं अपीलों के निस्तारण के लिए जिलास्तरीय अपीलीय समिति का गठन किया है। समिति में परियोजना निदेशक, डीआरडीए टिहरी गढ़वाल ज्योति, जिला विकास अधिकारी/सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए टिहरी गढ़वाल मोहम्मद असलम तथा गैर-सरकारी सदस्य के रूप में प्रमुख क्षेत्र पंचायत चम्बा सुमन सजवाण को शामिल किया गया है।
प्रशासन के अनुसार, आवास प्लस सर्वे-2024 में टिहरी गढ़वाल जिले में कुल 7,593 परिवारों का चिन्हांकन किया गया है। ग्राम सभा के प्रस्ताव के अनुसार पीडब्ल्यूएल में 7,336 पात्र लाभार्थी शामिल हैं, जबकि 230 लाभार्थियों को अपात्र पाया गया है। ग्राम सभा के निर्णय के आधार पर प्राप्त चार आपत्तियों का निस्तारण किया जा चुका है।
विवादित मामलों में ऐप द्वारा योग्य पाए गए लाभार्थियों की संख्या 1,896 है। अपात्र पाए गए लाभार्थियों के संबंध में 316 आपत्तियां दर्ज हुई थीं, जिनका निस्तारण किया जा चुका है। इनमें से 303 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के मानकों के अनुसार पात्रता की श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इसके अलावा सर्वे में छूटे 1,681 लाभार्थियों का विवरण भी उपलब्ध है।
जिलास्तरीय अपीलीय समिति द्वारा शिकायतों और अपीलों की सुनवाई 25 एवं 27 अगस्त को विकास भवन, टिहरी गढ़वाल में की जाएगी। संबंधित लाभार्थियों से निर्धारित तिथियों पर स्वयं उपस्थित होकर अपनी शिकायत या अपील प्रस्तुत करने की अपील की गई है। लाभार्थियों को अपने पक्ष के समर्थन में उपलब्ध आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेज भी साथ लाने होंगे।
