खदरी खड़क माफ में छह फीट लंबे कोबरा की दस्तक, सर्प मित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
श्यामपुर, ऋषिकेश। श्यामपुर न्याय पंचायत क्षेत्र की ग्राम सभा खदरी खड़क माफ के वार्ड नंबर 6 में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय निवासी अनिल रयाल के घर में अचानक करीब छह फीट लंबा विषैला सांप दिखाई दिया। सांप के घर में घुसने की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
बताया गया कि करीब दो वर्ष पहले इसी घर में एक महिला को सांप ने डंस लिया था। सर्पदंश के बाद महिला का एम्स में लंबे समय तक उपचार चला, लेकिन वह आज भी पूरी तरह सामान्य जीवन नहीं जी पा रही हैं। ऐसे में दोबारा घर में विषधर सांप दिखाई देने से परिवार में भय का माहौल बन गया।
गृह स्वामी दिनेश रयाल ने तत्काल इसकी सूचना सर्प मित्र एवं पर्यावरणविद् डॉ. विनोद प्रसाद जुगलान को फोन पर दी। सूचना मिलते ही डॉ. जुगलान मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक सांप गौशाला में जाकर छिप चुका था। काफी मशक्कत के बाद वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. जुगलान ने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया।
डॉ. जुगलान ने बताया कि रेस्क्यू किया गया सांप स्पेक्टिकल कोबरा (Spectacled Cobra) है, जिसकी लंबाई करीब छह फीट थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि बरसात के मौसम में घरों के आसपास विशेष साफ-सफाई रखें और रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें।
उन्होंने कहा कि घर या आसपास वन्यजीव दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यूअर को सूचना दें। सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है।
