गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत 3 गिरफ्तार, घर से बरामद हुआ ‘KING OF उत्तराखण्ड’ का बोर्ड
ऋषिकेश। भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खुद को ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ कहने वाले गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी रवि गुप्ता की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर संगठित अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चला रहा था।पुलिस का आरोप है कि गिरोह भूमि और पारिवारिक विवादों में पक्षकारों को डरा-धमकाकर अपने पक्ष में फैसले कराने का प्रयास करता था। इसके अलावा फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर वसूली और ब्लैकमेलिंग, घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसी गतिविधियों में भी गिरोह के सदस्य शामिल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने क्षेत्र में भय का माहौल बना रखा था, जिसके चलते लोग इनके खिलाफ शिकायत करने से भी डरते थे। वर्ष 2016 से 2026 के बीच जगजीत उर्फ जग्गा और उसके गिरोह के सदस्यों के खिलाफ करीब 11 आपराधिक अभियोग दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है।
सक्षम न्यायालय से अनुमोदन मिलने के बाद कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 405/2026 के तहत गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 2(ख)(i), 2(ख)(iii)/3 में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने गैंग लीडर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घर से मिला ‘KING OF उत्तराखण्ड’ का बोर्ड
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा की निशानदेही पर उसके घर से ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा बोर्ड बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी इस नाम और अपनी छवि का इस्तेमाल लोगों पर प्रभाव और भय बनाने के लिए करता था।
गिरफ्तार आरोपी
जगजीत उर्फ जग्गा, उम्र 39 वर्ष, निवासी मायाकुंड, चन्द्रेश्वर मार्ग, ऋषिकेश — गैंग लीडर
प्रणव उर्फ राघव बत्रा, उम्र 20 वर्ष, निवासी सोमेश्वर नगर, ऋषिकेश — गैंग सदस्य
दीपेश कुमार, उम्र 27 वर्ष, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, आईडीपीएल के पास, ऋषिकेश — गैंग सदस्य
वहीं रवि गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश को पुलिस ने वांछित घोषित किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
11 मुकदमों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 के बीच विभिन्न धाराओं में कुल 11 अभियोग दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, आबकारी अधिनियम, आईटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस टीम में कोतवाली ऋषिकेश प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, डोईवाला प्रभारी निरीक्षक एवं विवेचक राकेश गुसाईं, व0उ0नि0 नवीन जोशी सहित ऋषिकेश और डोईवाला पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
