ऋषिकेश में 600 श्रमिक परिवारों को स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला हेल्थ किट वितरित
ऋषिकेश। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से रविवार को भारत मंदिर पब्लिक स्कूल, झंडा चौक ऋषिकेश में श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया और श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
इस दौरान करीब 600 लाभार्थियों को स्वास्थ्य पोषक आहार किट, बच्चों के लिए शिक्षा किट और महिलाओं के लिए महिला हेल्थ किट वितरित की गईं।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि श्रमिक देश और प्रदेश के विकास की आधारशिला हैं। उनके परिश्रम से निर्माण कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, कौशल विकास, रोजगार के अवसर और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को मजबूत किया गया है। वहीं राज्य सरकार की ओर से भी पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं रोजगार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
विधायक ने कहा कि करीब 600 श्रमिक परिवारों को स्वास्थ्य पोषक आहार, शिक्षा एवं महिला हेल्थ किट का वितरण इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का उद्देश्य है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।उन्होंने श्रम विभाग और उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अधिकारियों से अधिक से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में श्रम परिवर्तन अधिकारी आनंद कुमार, प्रोजेक्ट स्टेट हेड प्रमोद रावत, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, पार्षद रीना शर्मा, माधवी गुप्ता और अजय दास, मुकेश गुप्ता, किशन मंडल, शुभम तिवारी, कौशल बिजलवान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
