राहुल गांधी की जातीय टिप्पणी के विरोध में भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने फूंका पुतला

खबर शेयर करें -

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी महानगर अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को लैंसडाउन चौक पर राहुल गांधी की कथित जातीय टिप्पणी के विरोध में पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जाति-पाति की विभाजनकारी राजनीति के जरिए समाज में वैमनस्य फैलाने के प्रयासों का विरोध किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से जाति, वर्ग और समुदाय के नाम पर समाज को बांटकर राजनीतिक जमीन तलाशती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेता एवं पिछड़े समाज से आने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम का राजनीतिक उपयोग कर उत्तराखंड में जातीय विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है, जिसे भाजपा स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देती है और देवभूमि में जाति-पाति की राजनीति को स्वीकार नहीं किया जाएगा। खड़गे के नाम का सहारा लेकर प्रदेश में जातीय विभाजन की कोशिश को उन्होंने कांग्रेस की हताश राजनीति बताया।सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूलमंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार की प्राथमिकता समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराना है।

पुतला दहन कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर सिंह दर्जाधारी, राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना, महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी, सुनील शर्मा, विजेंद्र थपलियाल, संकेत नौटियाल, रविंद्र वाल्मीकि, सुरेंद्र घेल, जयपाल वाल्मीकि, मनोज जाटव सहित भाजपा महानगर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ad