ऋषिकेश होटल दुष्कर्म मामले में महिला आयोग सख्त, पीड़िता से मिलीं कुसुम कंडवाल

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश/देहरादून। ऋषिकेश के एक होटल में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किए जाने के मामले का उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है।

आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर उपचाराधीन पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा हर संभव न्याय, उपचार और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।अध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों से फोन पर मामले की जानकारी लेते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज करने और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। आयोग ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। अध्यक्ष ने पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर प्रदेश के होटलों में कम से कम तीन महीने का सीसीटीवी बैकअप सुरक्षित रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है।आयोग ने यह भी कहा कि बिना वैध पहचान पत्र और आयु सत्यापन के नाबालिगों को कमरा उपलब्ध कराने वाले होटल प्रबंधनों की भूमिका की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

कुसुम कंडवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिगों को बहला-फुसलाकर अपराध का शिकार बनाए जाने पर अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने कहा, “प्रदेश में बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

”#Uttarakhand #Rishikesh #WomenCommission #KusumKandwal #CrimeNews #POCSO #RishikeshNews #WomenSafety

Ad