खबर शेयर करें -

देहरादून : देहरादून की शांत सुबह उस समय दहशत में बदल गई, जब राजधानी के मालसी क्षेत्र में रोड रेज की एक गंभीर घटना में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि ब्रिगेडियर जोशी रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने ब्रिगेडियर जोशी पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं।

इस दुखद घटना के बाद मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मैक्स अस्पताल पहुंचे और दिवंगत ब्रिगेडियर के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मालसी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में अपनी जान गंवाने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी जी के परिजनों से मिलकर गहरा दुख हुआ। पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पर्यटक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा आवश्यक स्थानों पर पिकेट स्थापित किए जाएं।

घटना के बाद से राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर उन इलाकों में जहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने और घूमने के लिए निकलते हैं, वहां सुरक्षा बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इस घटना ने देहरादून जैसे शांत शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।

Ad