देहरादून में रोड रेज बना जानलेवा, फायरिंग में बुजुर्ग की मौत
देहरादून : राजधानी देहरादून में सुबह एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें रोड रेज के चलते चली गोली ने एक निर्दोष व्यक्ति की जान ले ली। घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एसपी सिटी देहरादून के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और राजपुर थाना पुलिस को अलर्ट किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी समेत अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N कार सवारों के बीच रास्ता न देने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे 70 वर्षीय मुकेश जोशी को गोली लग गई। उन्हें गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि मुकेश जोशी एक सेवानिवृत्त बहादुर फौजी अधिकारी थे।
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर कार जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उनके साथियों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही, घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
एसएसपी देहरादून ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और संबंधित लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
