खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने ऋषिकेश स्थित शांति प्रपन्न शर्मा राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उपचार से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल की स्वच्छता, व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुबोध उनियाल ने विशेष रूप से मरीजों को अनावश्यक रूप से अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को रेफर किया जाता है, तो इसे गंभीर लापरवाही माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

Ad