उत्तर भारत का सबसे बड़ा पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट बना टिहरी
देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टिहरी में 250 मेगावाट क्षमता वाले नए पंप स्टोरेज प्लांट के लोकार्पण के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया है। इस परियोजना के शुरू होने के साथ ही टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 1000 मेगावाट हो जाएगी, जो उत्तर भारत में एक नया रिकॉर्ड स्थापित करेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह परियोजना राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। इससे न केवल उत्तराखंड की ऊर्जा उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि पूरे उत्तर भारत को स्थिर और सस्ती बिजली उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। पंप स्टोरेज प्लांट आधुनिक तकनीक पर आधारित है, जो बिजली की मांग और आपूर्ति के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि टिहरी परियोजना से राज्य को आर्थिक रूप से भी मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही, यह परियोजना स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे उत्तराखंड आकर इस महत्वपूर्ण परियोजना का लोकार्पण करें, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिले और देशभर में एक सकारात्मक संदेश जाए।
