सेल्फी बनी जानलेवा, नोएडा से घूमने आए युवक की नहर में गिरने से मौत
ऋषिकेश : ऋषिकेश से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां नोएडा से घूमने आए 26 वर्षीय युवक आयुष चीला की सेल्फी लेने के दौरान नहर में गिरने से मौत हो गई। यह हादसा शक्ति नहर के किनारे हुआ, जहां युवक संतुलन खो बैठा और तेज बहाव में बह गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयुष अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। घूमने के दौरान वह शक्ति नहर के पास पहुंचा और वहां सेल्फी लेने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नहर में जा गिरा। नहर का बहाव काफी तेज होने के कारण वह कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी और नहर के किनारे सावधानी बरतें और सेल्फी लेते समय सतर्क रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
