नरेन्द्रनगर वन प्रभाग का सीसीएफ गढ़वाल ने किया निरीक्षण

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश/नरेन्द्रनगर : वनाग्नि नियंत्रण और मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौतियों के मद्देनज़र मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) गढ़वाल धीरज पाण्डेय ने नरेन्द्रनगर वन प्रभाग का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभाग की फॉरेस्ट फायर क्रू स्टेशनों और क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) की कार्यप्रणाली, संसाधनों और आपात स्थिति में प्रतिक्रिया क्षमता को परखा।

निरीक्षण के दौरान सीसीएफ ने ब्यासी और नीरगढ़ चैकपोस्ट स्थित फॉरेस्ट फायर क्रू स्टेशनों में उपलब्ध उपकरणों, संचार व्यवस्था और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सुनिश्चित किया कि वनाग्नि की घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण के लिए सभी संसाधन पूरी तरह सक्रिय और कार्यशील रहें।

इसके साथ ही माणिकनाथ वन क्षेत्र की क्यूआरटी टीम की कार्यकुशलता, प्रशिक्षण स्तर और वनाग्नि सहित अन्य आपदाओं से निपटने की क्षमता का भी मूल्यांकन किया गया। सीसीएफ धीरज पाण्डेय ने टीम को निर्देशित किया कि वे पूर्ण सतर्कता, त्वरित समन्वय और उच्च स्तर की तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने नरेन्द्रनगर वन प्रभाग की शिवपुरी रेंज में चल रहे वृक्षारोपण कार्यों का भी जायजा लिया। वृक्षारोपण क्षेत्र की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने टीम के प्रयासों की सराहना की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण करने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय जनता और विभागीय कर्मचारियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी दिगांथ नायक, उप प्रभागीय वनाधिकारी (देवप्रयाग) अनिल पैन्यूली, रेंज अधिकारी विवेक जोशी, मदन सिंह रावत, संजय बेलवाल, वन क्षेत्राधिकारी दुलप सिंह भण्डारी सहित अन्य वन कर्मी उपस्थित रहे। अंत में सीसीएफ गढ़वाल ने वन प्रभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर समन्वय और प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।

Ad