सर्वे ऑफ इंडिया मुख्यालय शिफ्ट पर केंद्र का बड़ा बयान
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सर्वे ऑफ इंडिया के मुख्यालय को देहरादून से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव पर जताई गई चिंता के बाद केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। केंद्र ने कहा है कि इस संबंध में अब तक कोई अंतिम निर्णय या स्वीकृति नहीं दी गई है।मुख्यमंत्री धामी ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री से अनुरोध किया था कि सर्वे ऑफ इंडिया के मुख्यालय के संभावित स्थानांतरण पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने देहरादून में स्थित इस प्रतिष्ठित संस्थान के ऐतिहासिक, वैज्ञानिक और सामरिक महत्व को रेखांकित करते हुए इसे यथावत बनाए रखने की बात कही थी।
इस पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर स्पष्ट किया कि सर्वे ऑफ इंडिया के मुख्यालय को देहरादून से अन्यत्र स्थानांतरित करने के किसी भी प्रस्ताव को अब तक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा मंजूरी नहीं दी गई है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री धामी द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण मुद्दे की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की चिंताओं को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने सर्वे ऑफ इंडिया के ऐतिहासिक और रणनीतिक महत्व को स्वीकार करते हुए इस विषय पर संवेदनशीलता बनाए रखने का भरोसा भी दिलाया। इस स्पष्टीकरण के बाद फिलहाल यह स्पष्ट हो गया है कि सर्वे ऑफ इंडिया का मुख्यालय देहरादून में ही बना रहेगा और इसके स्थानांतरण को लेकर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है।
