खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को बड़ी राहत देते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत लंबित कार्यों और देनदारियों के निस्तारण के लिए समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है। वित्त मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इस संबंध में सकारात्मक फैसला लेते हुए पीएमजीएसवाई के विभिन्न चरणों के कार्यों को पूरा करने के लिए नई समय-सीमा 31 मार्च 2027 तक निर्धारित की गई है।

इस निर्णय के तहत पीएमजीएसवाई-I के अंतर्गत शेष देनदारियों के भुगतान के साथ-साथ पीएमजीएसवाई-II और पीएमजीएसवाई-III के तहत अधूरे पड़े कार्यों को भी अब निर्धारित समयावधि में पूरा किया जा सकेगा। इससे प्रदेश में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस सहयोग से राज्य में सड़क संपर्क व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी, जिससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ होने से न केवल आम जनता को सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच भी बेहतर होगी। साथ ही, यह निर्णय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Ad