खबर शेयर करें -

ऋषिकेश/देहरादून: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा “दान से लाभ” थीम पर ऋषिकेश स्थित एम्स के मुख्य सभागार में एक भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “पहाड़ की नारी, देश की शक्ति” के उद्घोष के साथ आयोजित इस समारोह में समाज में महिलाओं की भूमिका, योगदान और सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य (शारदापीठाधीश्वर) स्वामी राजराजेश्वरम महाराज का पावन सान्निध्य रहा। उन्होंने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति में नारी के उच्च स्थान को रेखांकित करते हुए कहा कि देश में मातृशक्ति को पूर्ण सम्मान और अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, जो अत्यंत गौरव का विषय है। सम्मानित की गई महिलाओं को आशीर्वाद देते हुए उन्होंने भविष्य में भी समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में व्यस्तता के चलते शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर सभी को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं संघर्ष, समर्पण और मेहनत की प्रतीक हैं। राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और कानूनी सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि आयोग का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़ी महिला तक न्याय और स्वरोजगार के अवसर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल पुरस्कार वितरण नहीं, बल्कि नारी शक्ति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम है।

समारोह में ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, डॉ. रीमा पंत, एम्स निदेशक डॉ. मीनू सिंह एवं महापौर शम्भू पासवान सहित कई गणमान्य अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने “दान से लाभ” विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए समाज निर्माण में महिलाओं की भागीदारी को अनिवार्य बताया। इस अवसर पर सुरक्षा, शिक्षा, स्वरोजगार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 12 विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें जया बलूनी (एसपी देहात), साक्षी सिंह (IIS), गीता चंदोला, तुलसी मेहरा, नेहा सिंह, दर्शनी देवी नेगी, रेखा रयाल, कमला नेगी, चन्द्रिका पुंज, कुमारी मुस्कान (स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी), रेखा राणा और डॉ. अर्पिता नेगी शामिल रहीं।

कार्यक्रम में आयोग की उपाध्यक्ष सायरा बानो, वरिष्ठ प्रबुद्धजन दिनेश सेमवाल, सदस्य कमला जोशी, विमला नैथानी, किरण देवी, वैशाली नरूला, कंचन कश्यप, सरोज बहुगुणा, सदस्य सचिव उर्वशी चौहान, विधि अधिकारी दयाराम सिंह, प्रशासनिक अधिकारी नारायण तोमर सहित आयोग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।यह आयोजन न केवल महिला सशक्तिकरण का संदेश देने में सफल रहा, बल्कि समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने का एक प्रेरणादायक मंच भी बना।

Ad