ऋषिकेश से चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने बसों को दिखाई हरी झंडी
ऋषिकेश: पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित चारधाम यात्रा-2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाना है, ताकि हर श्रद्धालु यहां से आध्यात्मिक ऊर्जा और सुखद अनुभव लेकर लौटे।

उन्होंने बताया कि यात्रा को बेहतर बनाने के लिए लगातार तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही, श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस वर्ष ग्रीन चारधाम यात्रा और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ का लक्ष्य रखा गया है। यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है और वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने बताया कि ₹12 हजार करोड़ की लागत से बने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से यात्रा और अधिक सुगम हुई है। साथ ही केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं, जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने श्रद्धालुओं से एडवाइजरी का पालन करने और आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
वहीं, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि यात्रा मार्ग पर सिंगल लेन और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में शटल सेवा शुरू की जाएगी। साथ ही हेल्पलाइन नंबर और एलईडी के माध्यम से यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
