चारधाम यात्रा 2026 : सुबोध उनियाल ने स्वच्छता पर दिया जोर

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में चारधाम यात्रा–2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुष्कर सिंह धामी एवं सुबोध उनियाल ने यात्रा बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाएं, भोजन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और मार्ग सुरक्षा सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता बनाए रखने की अपील को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया।

मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयाम है और इसके सफल संचालन के लिए सरकार हर स्तर पर कार्य कर रही है। विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ यात्रा को सफल बनाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बाबा केदार से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad