19 अप्रैल से शुरू होगी चारधाम यात्रा 2026, प्रशासन अलर्ट
ऋषिकेश/देहरादून : उत्तराखण्ड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर होने जा रहा है। यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैम्प में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंजीकरण कक्ष, यात्री सुविधाओं और पूरे परिसर का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन विभाग को निर्देशित किया कि पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए काउंटरों के साथ-साथ मोबाइल टीमों को भी सक्रिय रखा जाए। जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैम्प में 24 तथा आईएसबीटी पर 6 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 30 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 25 टीमें दिन में और 5 टीमें रात्रि में होटल, धर्मशालाओं और सरायों में ठहरे यात्रियों का पंजीकरण करेंगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए 7100 बेड विभिन्न धर्मशालाओं, आश्रमों और सरायों में चिन्हित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैम्प में एक बड़ी स्क्रीन लगाई जाए, जिसमें उपलब्ध आवास, संपर्क नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी प्रदर्शित की जाए। साथ ही फ्लेक्स के माध्यम से भी सूचनाएं चस्पा करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएम ने ट्रांजिट कैम्प में 24×7 इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए, जिसमें सभी विभागों के कार्मिक तैनात रहेंगे। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अलग कंट्रोल रूम भी संचालित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, यात्री सहायता केंद्र अलग से स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ऋषिकेश और हरबर्टपुर में 24×7 मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी के अनुसार, कुल 6 मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें 3-3 टीमें दोनों स्थानों पर कार्य करेंगी। वहीं जल संस्थान को यात्रा मार्गों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ऋषिकेश को जिला योजना से मौके पर ही 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। डीएम ने पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती और नियमित फॉगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रांजिट कैम्प में सफाई कार्य कर रही अनुबंधित फर्म को कर्मचारियों का वेतन न देने के कारण ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का दावा है कि इस बार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
