19 अप्रैल से चारधाम यात्रा, परिवहन विभाग तैयार
देहरादून : आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए परिवहन विभाग की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभाग 16 अप्रैल से प्रदेश के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर चेक पोस्ट संचालित करेगा।
मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और जिलाधिकारी के निर्देशन में आशारोड़ी, कटा पत्थर, कोठाल गेट, हरबर्टपुर, ऋषिकेश, सत्यनारायण, तपोवन, भद्रकाली और सोनप्रयाग सहित कई स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित किए जा रहे हैं। इन सभी चेक पोस्ट को वाई-फाई सुविधा से लैस किया गया है। यहां ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड और वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
यात्रा की निगरानी के लिए परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमें भी सक्रिय रहेंगी। ये टीमें वाहनों की तकनीकी फिटनेस, जरूरी दस्तावेज और अन्य मानकों की गहन जांच करेंगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। ऋषिकेश को यात्रा का प्रमुख केंद्र मानते हुए यहां एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 0135-2743432 पर संपर्क कर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी ने बताया कि विभाग की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और 16 अप्रैल से सभी चेक पोस्ट पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि 30 मार्च से शुरू हुई ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया के तहत अब तक 1500 से अधिक ग्रीन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। हरिद्वार के अलावा रुड़की और आशारोड़ी में भी ग्रीन कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया गया है।
चारधाम यात्रा के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए हरबर्टपुर बस अड्डा और ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप पर विशेष चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां बसों की पहले ही जांच कर ली जाएगी, जिससे कटा पत्थर, भद्रकाली और तपोवन जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में जाम की स्थिति को रोका जा सके। साथ ही, लंबी दूरी से आने वाले चालकों के लिए आशारोड़ी और नारसन बॉर्डर पर रेस्ट पॉइंट विकसित किए जा रहे हैं, जहां बेड और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बॉर्डर क्षेत्रों में अत्याधुनिक एएनपीआर (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की निगरानी सीधे मुख्यालय स्तर पर की जा रही है। भद्रकाली, तपोवन, कटा पत्थर और नारसन बॉर्डर जैसे प्रमुख स्थानों पर ये कैमरे पूरी तरह क्रियाशील हैं, जिससे यात्रा के दौरान सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो गई है।
चारधाम यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए परिवहन विभाग की ये तैयारियां श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
