डोईवाला में कांग्रेस की बैठक, कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियां तेज
डोईवाला : परवादून जिला कांग्रेस कार्यालय, डोईवाला में आज डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी जिला कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
यह जिला कार्यकर्ता सम्मेलन देहरादून के सुभाष रोड स्थित गुरुनानक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में डोईवाला विधानसभा क्षेत्र एवं परवादून जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह प्रभारी एवं प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी शामिल होंगे।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि यह सम्मेलन संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि कुमारी शैलजा के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि यह सम्मेलन जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त करने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने बताया कि डोईवाला क्षेत्र के कार्यकर्ता पूरे उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं और बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
वहीं, डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि नगर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में सम्मेलन को लेकर खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएंगे और संगठन की एकजुटता का मजबूत संदेश देंगे।
बैठक में परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, नगर अध्यक्ष करतार नेगी, पूर्व जिलाध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा, मनोज नौटियाल, प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद कपरवान शास्त्री, प्रदेश महासचिव नीरज त्यागी, जिला उपाध्यक्ष एसपी बहुगुणा, उमेद बोरा, जितेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान राहुल मनवाल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
