मुख्यमंत्री धामी ने बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को किया सम्मानित
देहरादून : उत्तराखंड की बेटी और अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके उल्लेखनीय खेल योगदान के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा गमला भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभा थपलियाल की उपलब्धियों को प्रदेश की मातृशक्ति के गौरव का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनकी सफलता महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत और प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा की उपलब्धियां विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का साहस रखती हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि सदैव मातृप्रधान रही है। पहाड़ की महिलाएं कृषि, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की धुरी रही हैं। समय-समय पर प्रदेश की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, खेल और सुशासन जैसे क्षेत्रों में देश-दुनिया को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति पर सभी को गर्व है और सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि जो प्रतिभाशाली महिलाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं, उन्हें राजकीय सेवाओं में अवसर प्रदान करने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें और नई पीढ़ी को मार्गदर्शन दे सकें।
43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल ने पिछले चार वर्षों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके साथ ही एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन किया।हाल ही में 9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। प्रतिभा थपलियाल महिला विश्व चैंपियनशिप और एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली चुनिंदा महिला बॉडीबिल्डरों में शामिल हैं।
उनकी यह उपलब्धि न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि महिला खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि उत्तराखंड की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर निरंतर सफलता का परचम लहराती रहें।कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान भी उपस्थित रहे।
