खबर शेयर करें -

डोईवाला/देहरादून : डोईवाला में परवादून जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम एक ज्ञापन डोईवाला उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया। ज्ञापन में आगामी उत्तराखण्ड विधानसभा के बजट सत्र को कम से कम तीन सप्ताह तक आहूत करने तथा उसमें प्रभावी प्रश्नकाल और महत्वपूर्ण विधायी कार्य सुनिश्चित करने की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखण्ड विधानसभा के सत्र अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम अवधि के लिए बुलाए जाते हैं। इससे जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर सदन में विस्तृत और गंभीर चर्चा नहीं हो पाती। ज्ञापन में प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, वन्य जीवों के हमलों से हो रही मानवीय क्षति, पेयजल संकट, आपदा पीड़ितों के पुनर्वास में हो रही देरी और सरकारी जमीनों की नीलामी जैसे गंभीर विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने इन मुद्दों पर विधानसभा में व्यापक बहस की आवश्यकता बताई।

परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि बजट सत्र में कम से कम तीन सोमवार ऐसे निर्धारित किए जाएं, जिनमें प्रश्नकाल आयोजित हो। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री स्वयं अपने अधीन विभागों से संबंधित प्रश्नों का उत्तर सदन में दें, ताकि जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश कालीन कानूनों और नियमावलियों में आवश्यक संशोधन कर उत्तराखण्ड की परिस्थितियों के अनुरूप नए और प्रभावी कानून बनाए जाने चाहिए।डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार को जनता के सवालों से बचने के बजाय सदन में जवाबदेह बनना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर खुली, पारदर्शी और सार्थक बहस हो।

पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनोज नौटियाल और कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार पर चिंता जताई। उन्होंने इन विषयों पर विशेष चर्चा कराने की मांग की। साथ ही आपदा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार से ठोस नीति और कार्ययोजना प्रस्तुत करने का आग्रह किया।कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि विधानसभा सत्र को पर्याप्त अवधि और गंभीरता के साथ संचालित नहीं किया गया, तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

इस अवसर पर परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज नौटियाल, कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल, मोहित कपरवाण, अफसाना अंसारी, एसपी बहुगुणा, उमेद बोरा, जितेंद्र कुमार, राहुल सैनी, महेश लोधी, चंडी प्रसाद थपलियाल, एनएसयूआई अध्यक्ष राहुल आर्य, प्रवीण सैनी, सुमित कौशल, महिपाल रावत, रीता क्षेत्री, साजिद अली सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ad