खबर शेयर करें -

देहरादून : देहरादून के कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र अंतर्गत चंद्रबनी शमशान घाट के पास शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गंदे नाले में एक पुरुष का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

पुलिस के अनुसार दिनांक 13 फरवरी 2026 को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चंद्रबनी शमशान घाट के समीप नाले में एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेलनगर से पुलिस बल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। इसके बाद फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई गई। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके और आगे की जांच में सहायता मिल सके।

प्रारंभिक निरीक्षण में शव पर किसी प्रकार की बाहरी चोट या खरोंच के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान हो सके।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल शव को पहचान के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गुमशुदगी की हालिया रिपोर्ट्स का भी मिलान किया जा रहा है।

शव की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि व्यक्ति की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

Ad