ऋषिकेश में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडरों को मिला ‘प्राइड ऑफ द सिटी’ सम्मान
ऋषिकेश। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश की ओर से आयोजित भव्य समारोह में स्वच्छता के क्षेत्र में जनजागरूकता और उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडरों को ‘प्राइड ऑफ द सिटी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त पर्यावरणविद् डॉ. विनोद प्रसाद जुगलान और अंतरराष्ट्रीय पैरा ओलंपिक खिलाड़ी डॉ. नीरजा गोयल को यह सम्मान प्रदान किया गया। नगर निगम के महापौर शंभू पासवान एवं मुख्य नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल ने दोनों को पुष्पगुच्छ, पुष्पमाला एवं उत्तरीय अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान पत्र प्रदान किया।
स्वतंत्रता सेनानी परिवारों और सैनिकों के परिजन भी सम्मानित समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के आश्रितों, भारतीय सेना के बलिदानी सैनिकों के परिजनों तथा नगर निगम के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय पुरुषोत्तम दत्त रतूड़ी की बेटी एवं पूर्व शिक्षिका शीला रतूड़ी, अमर सेनानी प्रदीप सिंह रावत के पिता सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर कुंवर सिंह, अमर सेनानी मनीष थापा के भाई मनोज थापा तथा नगर निगम पार्षद एवं पूर्व सैनिक वीरेंद्र सिंह रमोला प्रमुख रहे।
इस अवसर पर नगर निगम की उप आयुक्त अंकिता जोशी, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट सहित नगर निगम के पार्षदगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
एनसीसी कैडेट्स ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली
कार्यक्रम के बाद श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के एनसीसी छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नगर निगम कार्यालय से त्रिवेणी घाट तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छ ऋषिकेश के निर्माण में सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने किया।
