देहरादून में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी, CM धामी करेंगे ध्वजारोहण

खबर शेयर करें -

परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय समारोह, स्वतंत्रता सेनानी, राज्य आंदोलनकारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होंगे सम्मानित

देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

समारोह की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान परेड ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने मंच, परेड, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और बैठने सहित सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। इसके साथ ही देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे।

जिला प्रशासन ने समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण, अनुशासित और सुरक्षित बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं संबंधित विभागों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

Ad