खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: नगर निगम ऋषिकेश द्वारा “नगर निगम जनता के द्वारा” कार्यक्रम के अंतर्गत शहर में स्वच्छता जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम पहल की जा रही है। इसी क्रम में कल दिनांक 20 जनवरी 2026 को नगर निगम द्वारा एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

यह अभियान सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक (एक घंटे) आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर निगम ऋषिकेश के समस्त अनुभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के दौरान सामने आ रही समस्याओं का समाधान, स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों और फीडबैक का मौके पर निराकरण करना है।नगर निगम द्वारा उन गलियों और मोहल्लों को चिन्हित किया गया है, जहां से साफ-सफाई, कूड़ा उठान अथवा अन्य स्वच्छता संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। चिन्हित क्षेत्रों में निगम की टीमें “स्वच्छता अपनाओ, गंदगी भगाओ” के उद्देश्य के साथ भ्रमण कर स्थल पर ही समस्याओं का समाधान करेंगी।

नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान नगर निगम की टीमें साफ-सफाई एवं कूड़ा वाहनों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण हेतु नागरिकों से सुझाव भी प्राप्त करेंगी। साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने के लिए विभिन्न संक्षिप्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की भावना को और मजबूती मिल सके।

कार्यक्रम के उपरांत सभी संबंधित टीमें अपने-अपने क्षेत्र का विस्तृत फीडबैक नगर आयुक्त को उपलब्ध कराएंगी। इसके अलावा प्रत्येक टीम द्वारा किए गए कार्यों की दो मिनट की एक वीडियो भी तैयार की जाएगी। इन वीडियो का नगर निगम स्तर पर परीक्षण किया जाएगा।परीक्षण के उपरांत जिन टीमों द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया जाएगा, उन्हें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि यह पहल कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ बेहतर कार्य संस्कृति को भी प्रोत्साहित करेगी।

इस स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय जनमानस, स्वयंसेवी संस्थाओं, संबंधित विद्यालयों के अध्यापकगण एवं छात्र-छात्राओं का भी सहयोग लिया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य है कि सामूहिक प्रयासों से ऋषिकेश को स्वच्छ, सुंदर और जागरूक नगर के रूप में विकसित किया जा सके।

Ad