AI की उड़ान भरेगी मातृशक्ति, ऋषिकेश में महिलाओं को मिला तकनीक का प्रशिक्षण
ऋषिकेश। राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग से उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में ‘यशोदा एआई एवं महिला’ विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की। महिलाओं और छात्राओं को AI टूल्स, लाइव प्रॉम्प्टिंग, साइबर सुरक्षा और डिजिटल कानूनों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि “भारत की महिलाएं AI क्रांति और आर्थिक विकास में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।” उन्होंने कहा कि महिलाएं स्पेस टेक्नोलॉजी, आईटी, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि तकनीक ने शिक्षा, कृषि और रोजगार समेत हर क्षेत्र को बदल दिया है और इसका सकारात्मक इस्तेमाल विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकता है।
तकनीकी सत्र में साइबर विशेषज्ञों ने डीपफेक, वॉयस क्लोनिंग, फिशिंग, सेक्सटॉर्शन और फर्जी प्रोफाइल जैसे साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। प्रतिभागियों को मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और सुरक्षित सोशल मीडिया इस्तेमाल के बारे में बताया गया। साइबर अपराध की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यशाला में विभिन्न AI टूल्स का लाइव डेमो और प्रॉम्प्टिंग का अभ्यास कराया गया। समापन पर विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।


