मसूरी गोलीकांड के अमर शहीदों को ऋषिकेश नगर निगम में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
ऋषिकेश। पृथक उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान 2 सितंबर 1994 को हुए मसूरी गोलीकांड के अमर शहीद आंदोलनकारियों की स्मृति में नगर निगम ऋषिकेश परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
महापौर शम्भू पासवान ने शहीद आंदोलनकारियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे आंदोलनकारियों पर हुआ गोलीकांड उत्तराखंड आंदोलन के इतिहास का बेहद दुखद अध्याय है।
महापौर ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों और मातृशक्ति के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। शहीदों के सपनों के अनुरूप समृद्ध, विकसित, आत्मनिर्भर और जनकल्याणकारी उत्तराखंड का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने सभी से राज्य आंदोलन के मूल उद्देश्यों और शहीदों के आदर्शों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता उषा रावत ने की, जबकि संचालन हुकम पोखरियाल ने किया। इस दौरान नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
