टिहरी में जनशिकायतों पर डीएम सख्त, 7 दिन में निस्तारण के निर्देश
टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनता एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़ी प्रत्येक शिकायत का अधिकतम सात दिन के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण किया जाए। अधिकारियों को निस्तारण आख्या में तथ्यों, अभिलेखीय साक्ष्यों और की गई कार्रवाई का स्पष्ट उल्लेख करने के साथ इसे निर्धारित समयसीमा में जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई और निस्तारण की जानकारी नियमानुसार उपलब्ध कराई जाए। जिला कार्यालय से भेजी गई शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और अनावश्यक पत्राचार से शिकायतकर्ताओं को बचाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्वरित और गुणवत्तापूर्ण जनशिकायत निस्तारण सुशासन और जनविश्वास की महत्वपूर्ण कड़ी है।
