खबर शेयर करें -

लखनऊ/सिंगापुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सिंगापुर दौरे के दौरान वैश्विक निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गवर्नमेंट ऑफ सिंगापुर इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन (GIC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) लिम चो किआट से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाओं, औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्था, बेहतर होती कानून-व्यवस्था, सुदृढ़ आधारभूत संरचना और निवेशकों के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण की जानकारी दी। उन्होंने राज्य में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, शहरी विकास और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भारत की ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है और राज्य सरकार निवेशकों को सिंगल विंडो सिस्टम, पारदर्शी प्रक्रियाएं और समयबद्ध स्वीकृतियां प्रदान कर रही है। उन्होंने GIC को राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, इंडस्ट्रियल पार्क और ग्रीन एनर्जी परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

वहीं, GIC के सीईओ लिम चो किआट ने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा और निवेश-अनुकूल नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत, विशेषकर उत्तर प्रदेश, वैश्विक निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है। उन्होंने राज्य सरकार के साथ दीर्घकालिक साझेदारी की संभावनाओं पर सकारात्मक रुचि दिखाई।

इस बैठक को उत्तर प्रदेश में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य में वैश्विक पूंजी और तकनीकी सहयोग को आकर्षित करने की रणनीति का हिस्सा है, जिससे रोजगार सृजन, औद्योगिक विस्तार और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Ad