महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर आयोग अध्यक्ष की मुख्यमंत्री से भेंट

खबर शेयर करें -

महिलाओं की सुरक्षा व अधिकारों की रक्षा में सरकार और आयोग सक्रिय : कुसुम कण्डवाल

उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा राज्य महिला आयोग के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने मुख्यमंत्री को आयोग द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री धामी ने महिलाओं के हित में प्रभावी कार्यों को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए उपयोगी मार्गदर्शन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कुसुम कण्डवाल ने कहा कि महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में यह संवाद एक सशक्त कदम है। उन्होंने बताया कि महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध जैसे मामलों में राज्य महिला आयोग, मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व वाली सरकार के सहयोग से त्वरित एवं प्रभावी हस्तक्षेप कर रहा है, जिससे पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय मिल रहा है।

भेंट के दौरान आयोग अध्यक्ष ने राज्य महिला आयोग के कार्यालय को शहर के मध्य स्थापित किए जाने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयोग अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना केवल संवैधानिक दायित्व नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। सरकार और राज्य महिला आयोग इस दिशा में संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Ad