विकास खंड जाखणीधार की प्रथम बीडीसी बैठक संपन्न
क्षेत्रीय समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा, अधिकारियों को दिए गए निर्देश
टिहरी गढ़वाल | विकास खंड जाखणीधार की प्रथम क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) बैठक शुक्रवार को विकासखंड सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजेश नौटियाल ने की। बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय तथा जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी सदन के समक्ष रखी। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक जानकारी एवं समाधान प्रस्तुत किए गए।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में संचालित योजनाओं से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा समय-समय पर क्षेत्र का भ्रमण कर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में ग्राम प्रधान भटकण्डा मधुबाला ने टिपरी–चाह गडोलिया–काण्डीखाल मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति एवं विद्युत विभाग की झूलती तारों को बदलने का मुद्दा उठाया। ग्राम प्रधान मोल्ठा द्वारा देवताधार–मोल्ठा मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने, सड़क पर पानी बहने, किनारे जमा मलवे तथा डामरीकरण की आवश्यकता से सदन को अवगत कराया गया, जिस पर लोक निर्माण विभाग ने शीघ्र पैचवर्क कार्य कराने का आश्वासन दिया।
ग्राम प्रधान पिपोला ने पिपोला क्षेत्र में सड़क धसने, कई स्थानों पर पुश्ते टूटने एवं नारदाना खुलवाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने लोनिवि को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल सिंह (पिपोला-रगड़ा) ने कोरी नामी तोक की सड़क को लोनिवि के अधीन करने, कोटेश्वर झील में डूबे एक दर्जन से अधिक गांवों के पैतृक घाटों एवं संपर्क मार्ग के निर्माण, मोकरी डंपिंग जोन से सड़क व नदी में गिर रहे मलबे एवं दुर्गंध तथा कुम्माहर धार क्षेत्र में पेयजल संकट जैसी समस्याओं को सदन के समक्ष रखा।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत मरोड़ा में झूलती विद्युत लाइनों, चार पोल बदले जाने, कण्डियाल गांव में पोल परिवर्तन, चाह गडोलिया में जर्जर विद्युत लाइनों तथा कस्तल गांव में ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्याएं भी उठाई गईं।
बैठक में ज्येष्ठ उप-प्रमुख त्रिलोक सिंह बिष्ट, कनिष्ठ उप-प्रमुख कीर्ति सिंह पंवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मानसिंह रौतेला, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसडीएम संदीप कुमार, खंड विकास अधिकारी रोशन लाल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
